मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हजारों लोगों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएचएडीए) के मुंबई मंडल की 2,640 आवासों की लॉटरी अब 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे निकाली जाएगी। यह कंप्यूटरीकृत ड्रॉ बांद्रा स्थित रंगशारदा सभागार में आयोजित होगा।


विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता के कारण यह प्रक्रिया कुछ समय के लिए टल गई थी, लेकिन अब इसकी आधिकारिक तारीख घोषित कर दी गई है। लॉटरी के नतीजे कार्यक्रम के तुरंत बाद एमएचएडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगे।
■ एक घर के लिए 29 लोगों में मुकाबला
इस बार लॉटरी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 2,640 घरों के लिए 75 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी औसतन एक घर के लिए 28 से 29 आवेदकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।
कीमतों पर विवाद के बाद मिली राहत
इस वर्ष एमएचएडीए की आवासीय योजनाओं की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर काफी विवाद हुआ था। आलोचना के बाद एमएचएडीए ने विक्रोली के कन्नमवार नगर स्थित 1,221 फ्लैटों की कीमत में 7.5 प्रतिशत की कटौती की थी।
साथ ही, आवेदन के साथ जमा की जाने वाली सुरक्षा (अनामत) राशि भी बढ़ाई गई थी। कुछ श्रेणियों में यह राशि 1 लाख रुपये तक रखी गई, जिससे एमएचएडीए के पास करोड़ों रुपये जमा हुए। लॉटरी में देरी के कारण यह रकम लंबे समय तक आवेदकों की ओर से जमा रही।
■ किन इलाकों में हैं घर?
लॉटरी के तहत विक्रोली के कन्नमवार नगर, गोरेगांव के पत्राचाल और पहाड़ी, बोरीवली के मागाठाणे और गोराई, चेंबूर के सुभाष नगर, बांद्रा, घाटकोपर, गिरगांव, वडाला, पवई, दादर और माझगांव जैसे प्रमुख इलाकों में आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
■ आय वर्ग के अनुसार घरों का वितरण
उच्च आय वर्ग (HIG): 839 घर
मध्यम आय वर्ग (MIG): 798 घर
निम्न आय वर्ग (LIG): 858 घर
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 145 घर
एमएचएडीए की इस लॉटरी के जरिए हजारों आवेदकों की किस्मत का फैसला 6 अगस्त को होगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किसके सपनों का आशियाना हकीकत में बदलता है।


