मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
बोरीवली विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 में चारकोप स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग के श्री राम चौक पर गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को रात 9 बजे इस नुक्कड़ नाटक का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में युवा कलाकारों ने साउंड सिस्टम की सहायता से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।


आयोजकों के अनुसार, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों के बीच जनजागृति पैदा करने के साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके लाभों को सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया।


इस अवसर पर बताया गया कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष तथा भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है। इस प्रकार जनप्रतिनिधि के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को भाजपा ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मना रही है।
भाजपा के इस अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक और जनजागृति कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन तथा केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


