श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विक्रोली इलाके के एक हिस्ट्रीशीटर को क्षेत्र से बाहर (extern) कर दिया और उससे जुड़े अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया। आरोपी की पहचान मोहम्मद नासर उर्फ तासु (48) के रूप में हुई है, जो टैगोर नगर, विक्रोली (पूर्व) का निवासी है।


पुलिस के अनुसार, तासु के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। कुल मिलाकर उसके खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें दो छेड़छाड़ के मामले भी शामिल हैं। इनमें से 8 मामलों को गंभीर मानते हुए मुंबई पुलिस के जोन 7 के पुलिस उपायुक्त द्वारा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 56(1)(a) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया था।
इसी के साथ प्रशासन ने आरोपी से जुड़े अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर चलाया। टैगोर नगर स्थित गाला नंबर 3815, चाल नंबर 305 में करीब 5,000 वर्गफुट (ग्राउंड प्लस तीन मंजिल) का मकान, जो दूसरों के नाम पर बनाया गया था, उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई MHADA अधिकारियों की मदद से की गई।
इसके अलावा, गाला नंबर 2542, चाल नंबर 150 में स्थित एक जिम की इमारत, जो करीब 5,000 वर्गफुट (ग्राउंड प्लस तीन मंजिल) में बनी थी और अवैध पाई गई, उसे भी गिरा दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्र) और जोन 7 के पुलिस उपायुक्त हेमंत सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई। वहीं, विक्रोली डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त और विक्रोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक की निगरानी में, MHADA अधिकारियों और अन्य टीमों के सहयोग से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।


