विद्याविहार रेलवे स्टेशन फ्लाईओवर का मुख्य काम पूरा, 10 अक्टूबर तक यातायात के लिए तैयार।

Date:

■ नॉइज बैरियर लगाने का काम अंतिम चरण में, मनपा अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने यातायात पुलिस के साथ किया निरीक्षण।


मुंबई वार्ता संवाददाता

घाटकोपर क्षेत्र में पूर्व दिशा के रामचंद्र चेंबूरकर मार्ग और पश्चिम दिशा के लालबहादुर शास्त्री मार्ग को जोड़ने वाले विद्याविहार रेलवे स्टेशन के मुख्य फ्लाईओवर का नॉइज बैरियर को छोड़कर सभी प्रमुख काम पूरे हो गए हैं। फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोलने की दिशा में अंतिम कार्यों को तेज कर दिया गया है। मनपा प्रशासन के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 तक यह फ्लाईओवर पूरी तरह यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।


अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का दौरा कर फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि फ्लाईओवर यातायात के लिए खुलने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मनपा और यातायात पुलिस के बीच आवश्यक समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए।


रामचंद्र चेंबूरकर मार्ग और लालबहादुर शास्त्री मार्ग को जोड़ने वाला यह फ्लाईओवर दो लेन का है और इसकी कुल लंबाई 650 मीटर है। इसमें रेलवे पटरियों के ऊपर 100 मीटर लंबा पुल बनाया गया है। इसके अलावा पूर्वी दिशा में 220 मीटर और पश्चिमी दिशा में 330 मीटर लंबे एप्रोच रोड का निर्माण किया गया है।


फ्लाईओवर से विद्याविहार रेलवे स्टेशन के फुटपाथों तक पहुंचने के लिए कनेक्टिंग मार्ग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही दोनों ओर रेलवे के टिकट खिड़की कक्ष, स्टेशन मास्टर कार्यालय और सीढ़ियों का पुनर्निर्माण किया गया है। रेलवे क्षेत्र में सीढ़ियों के माध्यम से पैदल मार्ग को सर्विस रोड से जोड़ा गया है। अभिजीत बांगर ने इन सभी कार्यों का निरीक्षण किया।


वर्तमान में फ्लाईओवर के सभी प्रमुख कार्य पूरे हो चुके हैं। रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य आवश्यक अंतिम कार्य भी पूरे कर लिए गए हैं। स्थानीय नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण नॉइज बैरियर लगाने का काम फिलहाल अंतिम चरण में है।


निरीक्षण के दौरान बांगर ने फ्लाईओवर के आसपास की सड़कों पर यातायात प्रवाह, प्रमुख जंक्शन, ट्रैफिक सिग्नल, वाहनों की आवाजाही और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए यातायात पुलिस के समन्वय से आवश्यक स्थानों पर दिशासूचक बोर्ड, बैरिकेडिंग और जरूरत के अनुसार यातायात नियमन की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से व्यस्त समय में फ्लाईओवर के एप्रोच रोड पर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर उचित नियोजन करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त (यातायात-पूर्व विभाग) प्रदीप चव्हाण, मनपा के मुख्य अभियंता (पुल) राजेश मुळे, उपप्रमुख अभियंता (पुल) नरेश मेघराजानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

उर्दू टाइम्स की मालकिन क़मरुन्निसा सईद अहमद की याद में शोकसभा, उर्दू पत्रकारिता में योगदान को किया याद।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई के प्रतिष्ठित दैनिक उर्दू टाइम्स...

वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुंबई में कांग्रेस का ‘लोकतंत्र का काला दिवस’ आंदोलन।

■ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और...