श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

अंधेरी पूर्व, मरोल इलाके में स्थित भव्य सेवन हिल्स अस्पताल के निजीकरण का विरोध करते हुए महाराष्ट्र कॉंग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व उप महापौर राजेश शर्मा ने मांग की है कि अस्पताल को मुंबई महानगर पालिका द्वारा ही संचालित किया जाना चाहिए जिससे इलाके की गरीब जनता को स्वास्थ्य लाभ मिल सके।


राजेश शर्मा ने बताया कि 16.7 एकड़ में बना 1500 बेड वाला यह देश का सबसे बड़ा अस्पताल है। इसे पहले भी मनपा ने निजी संस्था को दिया था लेकिन वे इसे ठीक से संचालित करने में असमर्थ रहे। कोविड के दौरान भी इस अस्पताल के द्वारा मरीजों को अच्छी सुविधा दी गई। अब फिर से मनपा इस अस्पताल का निजीकरण करने के अंतर्गत अस्पताल मुकेश अंबानी को देने की तैयारी कर रही है। अस्पताल के निजीकरण करने पर गरीबों के लिए इस अस्पताल में उतनी जगह उपलब्ध नहीं हो सकेगी जितना मनपा द्वारा चलाए जाने पर उपलब्ध रहेगी।आम आदमी को स्वास्थ्य लाभ सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मनपा को निजीकरण नहीं करना चाहिए।


राजेश शर्मा ने कहा कि, ” मैंने मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और मुकेश अंबानी को पत्र लिखकर अस्पताल के निजीकरण का विरोध किया है।”


