मुंबई वार्ता/ श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए ऑन-फील्ड काम करने वाले स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाए हैं। महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने निर्देश दिए हैं कि सभी चौकियों पर निर्जलीकरण भुकटी (ओआरएस पावडर) और स्वच्छ पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।


आयुक्त ने कहा कि तेज गर्मी के कारण उष्माघात (हीट स्ट्रोक), डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के ऑन-फील्ड कर्मचारियों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ही अपने कर्तव्यों का पालन करें।


बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों के लिए भी कई उपाय लागू किए हैं। महानगरपालिका के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है और लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
आयुक्त अश्विनी भिडे ने बताया कि मुंबई में करीब 40 हजार स्वच्छता कर्मचारी दिन-रात शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। ऐसे में वर्तमान तापमान को देखते हुए घनकचरा प्रबंधन विभाग की सभी चौकियों पर तुरंत ORS और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, साथ ही इसकी नियमित निगरानी भी की जाए।
बीएमसी के इस कदम को कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


