मुंबई वार्ता संवाददाता/भिवंडी

भिवंडी शहर में अंमली पदार्थ की तस्करी तथा बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने का आदेश ठाणे पुलिस आयुक्त द्वारा मिलते ही भिवंडी की अपराध शाखा ने शनिवार को दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़े पैमाने पर एमडी तस्करी का पर्दाफाश किया है। जिनके पास से पुलिस ने 16 किलो मैफेड्रॉन (एमडी), तथा बी.एम. डब्लू एवं स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 32 करोड़ 20 लाख 10 हजार 140 रूपये कीमत का माल बरामद किया है। यह जानकारी ठाणे पुलिस आयुक्तालय परिसर में आयोजित पत्रकार परिषद में पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने दी है।


उन्होंने बताया कि भिवंडी अपराध शाखा के पुलिस शिपाही अमोल इंगले और पुलिस हवलदार प्रशांत राणे को मुखबिर द्वारा गुप्त सूचना मिली कि शनिवार की दोपहर नाशिक मुंबई राजमार्ग पर दो लोग मैफेड्रॉन की बिक्री करने आने वाले है। जानकारी मिलते ही भिवंडी क्राइम ब्रांच के वरिष्ट पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनावणे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीराज माली, पुलिस निरीक्षक मिथुन भोईर, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र पाटील व उनकी पुलिस टीम ने ठाणे–भिवंडी बायपास स्थित ओम साई फैमली ढाबे के सामने रांजणोलि नाका पर नाका बंदी कर जाल बिछाया। पुलिस ने वहां एक बी.एम.डब्लू कार और स्विफ्ट कार को रोका कर जब कार की तलाशी लिया तो उक्त दोनों कार से करीब 16 किलो मैफेड्रॉन (एमडी) बरामद हुई।


पुलिस ने मुंब्रा निवासी तनवीर अहमद कमर (23) जो पहले भिवंडी के किदवाई तालाब के पास रहता था, दूसरा महेश हिन्दूराव देसाई (35) निवासी उल्हासनगर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर मुंब्रा, डायघर, भायखला मुंबई और कोल्हापुर पुलिस स्टेशन में घरफोड़ी व अंमली पदार्थ के के अनेकों मामले दर्ज है।जबकि आरोपी तनवीर अहमद कमर मुंबई के भायखला पुलिस स्टेशन में दर्ज एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की कलम 8(क), 22(क), 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 13 अगस्त तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।


भिवंडी अपराध शाखा पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी इतनी अधिक तादात में एमडी कहां से लाय और किसे बिक्री करने वाले थे। इसके वाला इसमें और कौन कौन शामिल है। मामले की जांच जारी है।


