मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई पुलिस ने छह महीने पहले घर में काम करने वाली नौकरानी द्वारा की गई बड़ी चोरी का महज़ 24 घंटे में खुलासा करते हुए ₹10.24 लाख मूल्य के सोने के गहने बरामद किए हैं। यह कार्रवाई माटुंगा पुलिस स्टेशन की अपराध प्रकटीकरण टीम ने की।


मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 जून 2025 को शिकायतकर्ता के पिता ने उनकी माता के सोने के गहने सुरक्षित रखने के लिए शिकायतकर्ता को सौंपे थे। शिकायतकर्ता ने ये गहने दादर पूर्व स्थित अपने निवास के लॉकर में रखे थे। कुछ समय बाद लॉकर की चाबी घर में नहीं मिली। नौकरी के कारण व्यस्तता के चलते शिकायतकर्ता ने लगभग छह महीने तक लॉकर नहीं खोला।


शिकायतकर्ता के घर में तीन नौकरानियां काम करती थीं। चाबी के संबंध में पूछताछ करने पर तीनों ने अनभिज्ञता जताई। अंततः 03 जनवरी 2026 को चाबी बनाने वाले को बुलाकर लॉकर खुलवाया गया, तब पता चला कि लॉकर से लगभग ₹10,98,299 मूल्य के सोने के गहने चोरी हो चुके हैं।चूंकि घर में नौकरानियों के अलावा किसी का आना-जाना नहीं था, इसलिए शिकायतकर्ता की शिकायत पर माटुंगा पुलिस स्टेशन में गु.र.क्र. 05/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान अपराध प्रकटीकरण अधिकारी और टीम ने तकनीकी व कुशल जांच करते हुए तीनों नौकरानियों से पूछताछ की। पूछताछ में कविता शिंदे नामक नौकरानी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान उसके कब्जे से कुल ₹10,24,000 मूल्य की चोरी गई संपत्ति को बरामद करवाया।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायणचौधरी, अपर पुलिस आयुक्त मध्य प्रादेशिक विभाग विक्रम देशमाने, परिमंडल 04 की पुलिस उपायुक्त श्रीमती आर रागसुधा, माटुंगा विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त सचिन कदम, माटुंगा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दादासाहेब घटुकडे एवं पुलिस निरीक्षक वैभव पाटील के मार्गदर्शन में इस मामले को सुलझाया गया।
मामले की जांच मे अधिकारी विनोद पाटील (अपराध प्रकटीकरण अधिकारी) के साथ पुलिस हवलदार आनंद तांबे, पुलिस सिपाही महेश नेहारे, पंडित बंजारा, संभाजी बार्शी, योगेश नवले तथा महिला पुलिस सिपाही प्रियंका रावरे शामिल थीं।


