श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की एमआईडीसी थाना पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में पिछले करीब 9 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर कर्नाटक और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया और गुप्त सूचना के आधार पर उसका पता लगाकर गोवा से दबोच लिया।


पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी 2017 को एमआईडीसी थाना क्षेत्र में अब्दुल मोहसिन शेख और उनके रिश्तेदार समशुद्दीन शेख को एक परिचित के फोन पर अंधेरी (पूर्व) के सुभाषनगर स्थित एक कबाड़ गोदाम में बुलाया गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने दोनों पर लोहे की सरिया और पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में समशुद्दीन शेख गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि वसीउल्ला मोहसिन शेख की मौत हो गई।
इस मामले में एमआईडीसी पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के बाद कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी मेहताब आलम अजीमुल्ला खान पुलिस की पकड़ से बच निकला और उसके खिलाफ अदालत में फरार आरोपी के रूप में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
जांच के दौरान निगरानी शाखा के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी स्क्रैप के कारोबार से जुड़ा है और वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर भारत के अलग-अलग राज्यों में रह रहा है। पुलिस ने सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, फेसबुक तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से मिली जानकारियों का विश्लेषण किया और उसके रिश्तेदारों से जुड़े सुराग भी जुटाए।
जांच में पता चला कि 46 वर्षीय आरोपी फिलहाल कर्नाटक और गोवा के बीच आवाजाही कर रहा है। इसके बाद एमआईडीसी पुलिस की टीम लगातार दो दिनों तक कर्नाटक और गोवा में उसका पीछा करती रही। 3 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि आरोपी गोवा के वास्को स्थित राष्ट्रीय ध्रुवीय एवं समुद्री अनुसंधान केंद्र (NCPOR) के पास स्क्रैप उठाने आने वाला है। स्थानीय पुलिस की सहायता से जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुंबई लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सह पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा (लॉ एंड ऑर्डर), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावड़े के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई MIDC पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर की टीम ने की है।


