मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड पर BEST बसों की संख्या और फेरे बढ़ाने की मांग समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने की है। उन्होंने इस संबंध में बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े और BEST के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए तत्काल अतिरिक्त बसें चलाने की मांग की है।


विधायक रईस शेख का कहना है कि कोस्टल रोड शुरू होने के बाद दक्षिण मुंबई और पश्चिमी उपनगरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हुआ है। हालांकि, इस मार्ग पर BEST बसों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों की कम संख्या और सीमित फेरे होने के कारण कई यात्रियों को मजबूरी में महंगी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कोस्टल रोड पर BEST बस सेवा आम मुंबईकरों के लिए किफायती विकल्प बन सकती है। इस मार्ग पर बस का किराया करीब 12 से 50 रुपये के बीच है। ऐसे में बसों की संख्या और फेरे बढ़ने से बड़ी संख्या में यात्रियों को कम खर्च में तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
रईस शेख ने यह भी कहा कि BEST के पास अनुबंध के आधार पर 2,533 बसें संचालित हो रही हैं। इसलिए कोस्टल रोड पर अतिरिक्त बसें चलाने में प्रशासन के सामने कोई बड़ी व्यावहारिक समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बीएमसी और BEST प्रशासन से यात्रियों की मांग को देखते हुए जल्द से जल्द बसों की संख्या बढ़ाने और सेवा की आवृत्ति सुधारने का आग्रह किया है।
दरअसल, कोस्टल रोड पर BEST बस सेवा को लेकर यात्रियों की शिकायत पहले भी सामने आती रही है। इस मार्ग पर समर्पित बस लेन होने के बावजूद बसों की कम आवृत्ति को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
विधायक रईस शेख की मांग ऐसे समय में सामने आई है, जब कोस्टल रोड को बांद्रा-वरली सी लिंक से जोड़े जाने के बाद इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन की भूमिका और बढ़ गई है। यातायात नियमों में BEST और अन्य यात्री बसों को कोस्टल रोड पर चलने की अनुमति भी दी गई है।
रईस शेख ने स्पष्ट किया कि कोस्टल रोड का लाभ केवल निजी वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मुंबई के आम नागरिकों को भी तेज, सस्ती और पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलनी चाहिए।


