मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत संविदा पर काम कर रही महिला कर्मचारियों के विभिन्न मांगों को लेकर आजाद मैदान में चल रहे आंदोलन को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने समर्थन दिया। उन्होंने शुक्रवार को आजाद मैदान पहुंचकर आंदोलनकारी महिलाओं से मुलाकात की और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।


सुप्रिया सुले ने इस दौरान महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर से फोन पर बातचीत कर आंदोलनकारी महिलाओं की मांगों और उनकी समस्याओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल आंदोलनकारी महिलाओं के साथ बुधवार को बैठक कर चर्चा करने की बात कही। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सुले ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में सकारात्मक समाधान निकालेगी।
आंदोलनकारी संविदा महिला कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत संविदा पद्धति से काम करते हुए 10 वर्ष पूरे कर चुके कर्मचारियों को सरकारी सेवा में शामिल किया जाए, जबकि जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि 10 वर्ष पूरी नहीं हुई है, उन्हें स्थायित्व दिया जाए। इसके अलावा अन्य मांगों को लेकर भी महिलाएं कई दिनों से आजाद मैदान में आंदोलन कर रही हैं।
सुप्रिया सुले ने आंदोलन को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का समर्थन देते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के अधिकारों के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन कर्मचारियों की मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार बातचीत के माध्यम से इस मामले का सकारात्मक समाधान निकालेगी और कहा कि वह महिलाओं के अधिकारों के लिए हमेशा सक्रिय रहेंगी।
इस अवसर पर सुले ने लोकतांत्रिक विरोध के तौर-तरीकों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में गंभीर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी पर हमला करना या स्याही फेंकने जैसे चरम कदम लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक हैं। उन्होंने इसे महाराष्ट्र की सुसंस्कृत राजनीतिक परंपरा के लिहाज से भी अनुचित बताया।
खाद्य पदार्थों में मिलावट के मुद्दे पर सुप्रिया सुले ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था मिलावट करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई और सजा होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई किसी भी जिले में हो या किसी बड़े व्यक्ति के खिलाफ, कानून के अनुसार कार्रवाई होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है तो उसका वह पूरी तरह स्वागत करती हैं।
इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आंदोलनकारी महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।


