मुंबई वार्ता संवाददाता

बोरीवली के विधायक संजय उपाध्याय ने बोरीवली पूर्व रेलवे स्टेशन के बाहर होने वाली यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए जल्द ठोस नियोजन और उपाययोजनाएं लागू करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि उचित यातायात व्यवस्था और प्रभावी अमल के जरिए बोरीवली पूर्व में यातायात की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए विशेष उपक्रम के तहत विधायक संजय उपाध्याय ने बोरीवली पूर्व रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने यात्रियों की समस्याओं पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से प्रत्यक्ष चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास करने की बात कही।


स्टेशन के बाहर यातायात जाम की समस्या को लेकर कस्तूरबा पुलिस थाने में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बालासाहेब बनकर और यातायात पुलिस निरीक्षक ब्रह्मानंद सूर्यवंशी के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोरीवली पूर्व की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान बेस्ट बसों, ऑटो रिक्शा और टैक्सियों के लिए उचित व्यवस्था, बाहर से आने वाले वाहनों के यातायात प्रबंधन, शेयर रिक्शाओं के नियोजन तथा अनधिकृत फेरीवालों को हटाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। आगामी 2 से 3 महीनों में इन उपायों को लागू कर बोरीवलीकरों को यातायात जाम से राहत देने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि उचित नियोजन और प्रभावी कार्यान्वयन से बोरीवली पूर्व में यातायात जाम की समस्या कम होगी। उन्होंने बोरीवली रेलवे स्टेशन को अधिक सुरक्षित, सुंदर और सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने विशेष रूप से रेलवे स्टेशन के सभी प्रसाधन गृहों के नवीनीकरण और उन्हें स्थायी रूप से स्वच्छ रखने को अपनी प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर पूर्व नगरसेवक विद्यार्थी सिंह, नगरसेविका रानी द्विवेदी निघूट, सुधीर परांजपे, विजयानंद पेडणेकर, संदेश कोलापटे, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, वार्ड अध्यक्ष योगेश मकवाना, धर्मवीर ठाकुर, वेंकटेश क्यासाराम, सुनील कदम, मनीषा व्यास, प्रशांत पुजारी, मयूर ओव्हरसियर सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


