■ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने देखा मुंबई के विकास का सफर; सिद्धिविनायक से अटल सेतु, एयरपोर्ट और कोस्टल रोड तक किया दौरा
मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है और इस यात्रा में मुंबई का योगदान हमेशा अग्रणी रहेगा। यह विश्वास भाजपा मुंबई अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम ने व्यक्त किया। वे भाजपा मुंबई की ओर से आयोजित ‘मुंबई डेवलपमेंट टूर’ के समापन अवसर पर बोल रहे थे। इस दौरे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने मुंबई में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया।


सेवा संकल्प अभियान और ‘विकसित भारत @2047’ की संकल्पना के तहत आयोजित इस विशेष दौरे का उद्देश्य मुंबई में हुए विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाना था। प्रतिभागियों को मुंबई की प्रमुख विकास परियोजनाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने का अवसर मिला।


मुंबई के भविष्य के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए विधायक अमित साटम ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मुंबई के लिए चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई की परिवहन व्यवस्था, बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी और नागरिकों के जीवनस्तर से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की योजनाएं तैयार करना जरूरी है।
मुंबई की ‘स्पिरिट’ का उल्लेख करते हुए साटम ने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना मुंबई की सबसे बड़ी ताकत है। 26 जुलाई की बाढ़ के दौरान मुंबईकरों ने जिस तरह सड़कों पर उतरकर एक-दूसरे की मदद की, वह मुंबई की जीवटता और सामाजिक एकजुटता का बेहतरीन उदाहरण है।
मुंबईकरों के लिए महत्वपूर्ण हक के घर के मुद्दे पर भी साटम ने चर्चा की। उन्होंने वरली और शिवड़ी स्थित बीडीडी चॉल पुनर्विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि पुनर्विकास के माध्यम से मूल निवासियों को उसी क्षेत्र में उनका हक का घर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का उल्लेख करते हुए साटम ने कहा कि भारत में पूरे वर्ष विभिन्न त्योहार और उत्सव मनाए जाते हैं। इन परंपराओं के कारण समाज में आपसी जुड़ाव और प्रतिबद्धता कायम रहती है। सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक निरंतरता भारत की विशिष्ट ताकत है।
■ सिद्धिविनायक मंदिर के दर्शन से शुरू हुआ दौरा
‘मुंबई डेवलपमेंट टूर’ की शुरुआत प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर के दर्शन से हुई। इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक गणपति न्यास के कोषाध्यक्ष तथा भाजपा मुंबई के महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स का स्वागत किया।
इसके बाद प्रतिभागियों ने सिद्धिविनायक मंदिर मेट्रो स्टेशन से एक्वा लाइन के जरिए चर्चगेट तक यात्रा की। वहां से अटल सेतु के रास्ते नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर का दौरा किया गया। इसके बाद ऐतिहासिक एशियाटिक सोसायटी के पुस्तकालय का भी भ्रमण किया गया।
दौरे के अंतिम चरण में प्रतिभागियों ने कोस्टल रोड के जरिए वरली प्रोमेनेड का दौरा किया। यहां विधायक अमित साटम के साथ विशेष टॉक शो और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुंबई में चल रहे विकास कार्यों, उनसे नागरिकों को मिलने वाले लाभ, बदलते बुनियादी ढांचे और भविष्य की विकास दिशा पर साटम ने इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद किया।
इस दौरे का आयोजन भाजपा मुंबई के सचिव एवं नगरसेवक प्रतीक करपे तथा भाजपा मुंबई सोशल मीडिया संयोजक नचिकेत सहस्रबुद्धे के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से मुंबई के विकास कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।


