मुंबई वार्ता संवाददाता।भिवंडी

भिवंडी फेना गांव स्थित सिस्टर निवेदिता स्कूल के छात्र अनुराग दीपक सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन भिवंडी के कोबडपाडा स्थित गाजंगी सभागृह में भिवंडी महानगर पालिका द्वारा किया गया था।


कक्षा 10 में अध्ययनरत अनुराग ने न सिर्फ अपने स्कूल का नाम रोशन किया, बल्कि भिवंडी क्षेत्र का भी मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में कुल पांच प्रतिभाशाली छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें अनुराग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बाज़ी अपने नाम की। अनुराग की इस सफलता पर स्कूल की प्रधानाचार्य नीता गुप्ता ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह जीत पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का क्षण है।


प्रशिक्षक नरेश राऊत ने कहा कि उन्हें अनुराग की क्षमता पर पहले से भरोसा था और इस जीत ने उनकी मेहनत को सार्थक कर दिया। अनुराग की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर करते हुए उसे बधाई दी। छात्र की कामयाबी से न केवल उसके माता-पिता गदगद हैं, बल्कि पूरे इलाके में हर्ष का माहौल है।


