मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मालाड पूर्व स्थित कुरार इलाके में शारदा बाई गोविंद पवार उद्यान के शौचालय में 19 वर्षीय अमन सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि अमन की मौत नशीले पदार्थों के ओवरडोज के कारण हुई और कुछ लोगों ने उसे जबरन नशीले पदार्थ का इंजेक्शन दिया था। इस पूरे मामले की जांच की मांग पूर्व भाजपा नगरसेवक विनोद मिश्रा ने की है।


परिवार की ओर से दावा किया गया है कि घटना से संबंधित एक वीडियो में बीएमसी के शौचालय के भीतर कथित तौर पर खुलेआम नशीले पदार्थों का सेवन किए जाने की स्थिति दिखाई देती है। आरोप है कि उद्यान में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। वहां सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं होने के साथ ही नियमित गश्त भी नहीं की जाती।


परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि कुरार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने उन्हें मामले से संबंधित वीडियो को डिलीट करने के लिए कहा था। इस आरोप के कारण परिवार ने पुलिस की भूमिका और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
मामले को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और मुंबई पुलिस आयुक्त से अमन सोनी की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही कुरार पुलिस थाने के कथित लापरवाह अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके अलावा शारदा बाई गोविंद पवार उद्यान में सुरक्षा व्यवस्था में कथित खामियों के लिए बीएमसी उद्यान विभाग के संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। उद्यान में सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग की गई है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर नशीले पदार्थों के कथित इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके और युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


