श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आयुक्त अश्विनी भिडे ने केईएम अस्पताल प्रशासन को अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के जरिए मरीजों को आसान, तेज और तकनीक-आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।


आयुक्त ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और क्षमता विस्तार परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि HMIS के तहत उपलब्ध डेटा और डैशबोर्ड का नियमित उपयोग किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध इलाज मिल सके।


इसके अलावा, अस्पताल में मल्टीस्पेशियलिटी रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू करने के लिए योजना बनाने को कहा गया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऑपरेशन थिएटर, लैब और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं को एकीकृत कर मरीजों का समय बचाया जाए।
आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ मरीजों तक तेजी से पहुंचाया जाए। साथ ही अस्पताल के राजस्व बढ़ाने के लिए योजनाओं के तहत उपचार शुल्क संरचना पर भी काम करने को कहा गया।
केईएम अस्पताल पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए आयुक्त ने नजदीकी अस्पतालों और दवाखानों में प्राथमिक सेवाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को वहां रेफर करने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपनगरीय अस्पतालों और प्रसूति गृहों में सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इस दौरान अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर, आईसीयू, जनरल वार्ड और आपातकालीन विभाग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।


