मुंबई वार्ता/हरीशचंद्र पाठक

गणेशोत्सव 2025 की मुंबई में एक ऐतिहासिक और अनोखी शुरुआत हुई है। पहली बार श्री गणेश पारंपरिक मंडप में न विराजमान होकर, एक विशेष रूप से डिज़ाइन की गई ओपन डबल-डेकर बस पर सवार होकर भक्तों को आशीर्वाद देने मुंबई की सड़कों पर निकले हैं।


‘मुंबईचा शेठ – मूविंग बाप्पा 2025’ यह अनूठी कल्पना केयूर शेठ ने प्रस्तुत की है, और इसका क्रियान्वयन रेड चेरी एंटरटेनमेंट द्वारा किया गया है। इस पहल का उद्घाटन विधायक आशीष शेलार के हाथों हुआ, और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महागणेशोत्सव की भव्य शुरुआत हुई।


■ महान हस्तियों की उपस्थिति में भक्ति से सराबोर संध्या.
उत्सव के पहले दिन क्रिकेट जगत के दिग्गज सुनील गावस्कर और मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने आरती में हिस्सा लिया। यह संध्या श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रही।
अगले दिन की यात्रा में गुजरात के प्रसिद्ध भजन गायक शकीर्तिदान गढवी ने अपने भक्तिगीतों से माहौल को भावविभोर कर दिया। वहीं, मशहूर पहलवान संग्राम सिंह की उपस्थिति ने उत्सव में जोश और प्रेरणा का संचार किया।
■ श्रद्धा और सेवा का संगम.
संस्थापक केयूर शेठ ने कहा:
“‘मूविंग बाप्पा’ केवल एक विचार नहीं, बल्कि एक आंदोलन है – जिसका उद्देश्य है बप्पा के आशीर्वाद हर द्वार तक पहुँचाना, आनंद, एकता और सेवा का संदेश फैलाना। यह आस्था और नवाचार का संगम है।”
यह डबल-डेकर गणेश बस मुंबई और ठाणे के विभिन्न भागों में भ्रमण करेगी, जिससे लाखों श्रद्धालु बप्पा के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। इसके साथ-साथ एक डोनेशन वैन भी चल रही है, जो कपड़े, अनाज, खिलौने और पुस्तकें एकत्र कर जरूरतमंदों तक पहुँचाती है – यह पहल “बप्पा का मान, अपना सम्मान” की भावना को साकार करती है।


