श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस ने मलाड (पूर्व) के कुरार इलाके में एक संदिग्ध हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 48 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ₹14 लाख नकद, विदेशी मुद्रा, कई फर्जी पासपोर्ट और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इस्लाम इस्माइल खान उर्फ सलीम रहीमतुल्लाह शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह कई अलग-अलग पहचान के साथ काम कर रहा था और फर्जी दस्तावेजों के जरिए बार-बार कुवैत की यात्रा करता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने नकली दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल किए थे। उसका असली नाम मोहम्मद इस्लाम इस्माइल खान है, जबकि उसने सलीम रहीमतुल्लाह शेख के नाम से भी पासपोर्ट बनवाया था।
खुफिया जानकारी के आधार पर एंटी-टेररिज्म सेल (ATC) और कुरार पुलिस की तीन टीमों ने बुधवार को मलाड (पूर्व) में आरोपी से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इनमें फातिमा टावर स्थित उसका घर और दो किराए के ठिकाने—एक फ्लैट और एक कार्यालय शामिल थे।
करीब 6 से 7 घंटे चली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके घर से ₹12.47 लाख नकद बरामद किए। इसके अलावा कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट (करीब ₹1.6 लाख मूल्य के) भी जब्त किए गए। पुलिस को कुवैती दीनार समेत विदेशी मुद्रा, अलग-अलग नामों वाले कई पासपोर्ट, आधार और पैन कार्ड, अंतरराष्ट्रीय डेबिट कार्ड और कुवैत यात्रा से जुड़े बोर्डिंग पास भी मिले हैं।
छापेमारी में ₹500 के दो नकली नोट और डिजिटल स्टोरेज डिवाइस भी जब्त किए गए हैं।
कुरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक उमेश पाटिल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद सामग्री के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। कई पासपोर्ट और दस्तावेज मिलने से बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को शक है कि आरोपी कुवैत से जुड़े कई संदिग्ध लेन-देन में शामिल था, जिनकी जांच हवाला एंगल से की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उसने सुनियोजित तरीके से फर्जी पहचान बनाई, विदेश यात्रा की और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों को अंजाम दिया।
आरोपी के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और अवैध वित्तीय लेन-देन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।


