श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई शहर में लोकल ट्रेनों के बाद लाखों नागरिक रोजाना BEST बस सेवा पर निर्भर रहते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से बसों में बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब इसी समस्या को देखते हुए यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है।


BEST प्रशासन ने बसों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष के अंत तक BEST के बेड़े में करीब 2000 से 2500 नई बसें शामिल की जाएंगी। यह जानकारी BEST की महाव्यवस्थापक सोनिया सेठी ने दी है।
नई बसों के शामिल होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। खासकर पीक आवर्स में सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
BEST प्रशासन का मानना है कि बसों की संख्या बढ़ने से सेवा की आवृत्ति भी बढ़ेगी, जिससे यात्रियों का इंतजार समय कम होगा और सफर अधिक सुगम बनेगा।
फिलहाल इस योजना को लेकर आगे की प्रक्रिया जारी है और चरणबद्ध तरीके से बसों को बेड़े में शामिल किया जाएगा।


