मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के वर्ली इलाके में सोमवार सुबह BEST की बस की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा ST ऑफिस ट्रैफिक सिग्नल के पास करीब 11.25 बजे हुआ। मृतक महिला की पहचान वनमाला साबले (60) के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार BEST की वेट-लीज बस रूट A-154/42 पर बायकुला स्टेशन से लोटस जंक्शन की ओर जा रही थी। बस का नंबर MH-03-CV-5796 था और इसे मुंबई सेंट्रल डिपो से जुड़े वेट-लीज चालक द्वारा चलाया जा रहा था।
बताया गया कि ST ऑफिस सिग्नल पर बस रुकी हुई थी और उसके बगल में एक टैक्सी खड़ी थी। उस समय वनमाला साबले टैक्सी से उतर रही थीं। जैसे ही सिग्नल हरा हुआ, बस आगे बढ़ी और महिला बस के बाएं पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। हादसे में उनके सिर और कान से गंभीर चोट के कारण खून बहने लगा।
बस के कंडक्टर ने तुरंत घायल महिला को नायर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने करीब 12.15 बजे उन्हें उपचार शुरू होने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद BEST के अधिकारियों, जिनमें वर्ली और सेंट्रल डिपो के सहायक डिपो प्रबंधक, दुर्घटना अधिकारी और वेट-लीज ऑपरेटर के प्रतिनिधि शामिल थे, घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। मामले की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है।


