मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति और शिवसेना नेता सचिन अहीर के वर्ली सी-फेस स्थित आवास से पिछले पांच वर्षों में करीब 2.65 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के आभूषण, चांदी के बर्तन और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके बेटे कृष्ण अहीर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच अब मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।


शिकायत के अनुसार, चोरी हुए सामान में 100 ग्राम का सोने का बिस्किट, हीरे जड़े सोने के कंगन, हीरे जड़ी सोने की अंगूठी, पांच हीरे के हार, हीरे की अंगूठियां, चांदी के गिलास, जग, थालियां, लोटे तथा बड़ी मात्रा में नकदी शामिल है।
कृष्ण अहीर ने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को कथित शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लग गई थी। उस समय परिवार को लगा कि घरेलू खर्च के लिए निकाली गई नकदी आग में जल गई होगी। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो रिकॉर्डिंग के कुछ हिस्से गायब मिले, जिससे चोरी की आशंका गहरा गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घर में काम करने वाले चार घरेलू कर्मचारियों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान योजनाबद्ध तरीके से नकदी, सोने-हीरे के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी किया।
कृष्ण अहीर ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से फिल्म उद्योग में काम के कारण खार स्थित फ्लैट में रह रहे हैं, लेकिन वह नियमित रूप से वर्ली स्थित पारिवारिक आवास जाते थे, जहां उनके माता-पिता और बहन रहते हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।


